हरिद्वार, 13 मई। जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर स्थित चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र में संचालित रंगीन मत्स्य क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया। यह क्लस्टर मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रंगीन मछलियों के पालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर उनके अनुभव और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है और जिला प्रशासन इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की मांग के अनुसार जिला योजना से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार जनपद का यह पहला रंगीन मत्स्य क्लस्टर है, जहां किसान आधुनिक तरीके से ऑर्नामेंटल फिश फार्मिंग कर रहे हैं। इससे न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अन्य किसान भी इससे प्रेरित होकर मत्स्य पालन को अपनाएंगे। सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत आठ किसानों का क्लस्टर तैयार किया गया है, जिसमें चार महिलाएं और चार पुरुष किसान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में केवल हरिद्वार और उधमसिंहनगर जनपदों में ही रंगीन मत्स्य पालन किया जा रहा है। क्लस्टर में गोल्डन फिश, ब्लैक शार्क, कोई कार्प और कबुतो कोई जैसी प्रजातियों का पालन किया जा रहा है।
