हरिद्वार, 11 मई। शासन के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार के गायत्री तीर्थ शांतिकुंज और पतंजलि योगपीठ में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान सोमनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन और कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा गया।
शांतिकुंज में आयोजित कार्यक्रम में शोभायात्रा, रुद्राभिषेक, आरती और दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें शांतिकुंज परिवार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, साधना सत्रों एवं प्रशिक्षण शिविरों में आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी गणेश चन्द्र पाण्डेय और सुरेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना, आत्मगौरव और पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अनेक आक्रमणों के बावजूद मंदिर का पुनर्निर्माण भारतीय समाज की अटूट आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान को दर्शाता है। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने युवाओं से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं शांतिकुंज व्यवस्थापक योगेन्द्र गिरि ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं।
उधर पतंजलि योगपीठ में भी हवन, भाषण और रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्निका एवं उत्कृषिणी ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास और पर्व के महत्व पर जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. अनिल कुमार, वाइस प्रिंसिपल डॉ. गिरीश के. जे., डॉ. सी.बी. धनराज, संस्कृति विभाग के डिप्टी डायरेक्टर आशीष कुमार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
