हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी ने खुद हर की पौड़ी से भीमगोड़ा क्षेत्र तक पहुंचकर अतिक्रमण की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फुटपाथ और नालियों पर फैली दुकानों को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया और मौके पर ही अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई कराई। डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि कोई भी दुकान फुटपाथ या नालियों के ऊपर संचालित न हो। प्रशासन की टीम ने आगे बढ़ी दुकानों को पीछे हटवाया, जिससे पैदल आवाजाही के रास्ते सुचारू हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और दोबारा अतिक्रमण होने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए शहर की व्यवस्था दुरुस्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सचिन कुमार और हर की पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी भी मौजूद रहे।
