हरिद्वार, 5 मई। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक में कुंभ मेला निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि आगामी कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, ऐसे में सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ किए जाने बेहद जरूरी हैं। उन्होंने हरकी पैड़ी क्षेत्र और बाजारों में डाली जा रही टाइल्स में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। डॉ. गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्थायी निर्माण कार्यों पर जोर दिया गया है और व्यापारी भी इसी दिशा में मांग कर रहे हैं। उन्होंने सड़कों, बिजली, पानी, पार्किंग और घाटों के सौंदर्यीकरण को दीर्घकालिक दृष्टि से विकसित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही कहा कि कुंभ मेला अधिकारी लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी कर रही हैं। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट, शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, शहर महामंत्री विमल सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष विशाल मूर्ति भट्ट, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी और तहसील कोषाध्यक्ष मनोज सिरोही सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
