हरिद्वार, 4 मई। कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कुंभ से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक के दौरान मंत्री ने अवस्थापना विकास, निर्माणाधीन परियोजनाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, घाटों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही तैयारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार हरिद्वार कुंभ को ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक क्षमता का प्रतीक है। इसलिए निर्माण कार्यों को दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को भी भविष्य में इसका लाभ मिल सके। बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न होने दें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और वह स्वयं भी समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। इस दौरान पार्किंग, यातायात संचालन, शौचालय, साफ-सफाई और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक के बाद मंत्री ने बैरागी कैंप क्षेत्र का दौरा कर निर्माणाधीन नलकूपों और ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने इन कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ आगामी 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उपमेलाधिकारी मनजीत सिंह, आकाश जोशी अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, SE जल संस्थान यशवीर मल्ल, SE सिंचाई विभाग मंजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
