हरिद्वार, 29 अप्रैल। बहादराबाद क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। यह कोई सामान्य हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों, जुनून और साजिश का खतरनाक खेल निकला। मृतक राजवीर की शादीशुदा बेटी से प्रेम करने वाले आरोपी पंकज ने अपने ही परिचित की हत्या की साजिश रच डाली। खुलासे की जानकारी पत्रकार को देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज कुमार मृतक की बेटी से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन राजवीर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। यही विरोध उसकी मौत की वजह बन गया। पंकज ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर पहले राजवीर को शराब पिलाने का प्लान बनाया और फिर 26 अप्रैल की शाम उसे बहाने से बोंगला अंडरपास के पास खेत में ले गए। वहां पहले से रची गई साजिश के तहत दोनों ने हथौड़े से राजवीर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और इसे ब्लाइंड मर्डर बनाने की कोशिश की गई। लेकिन हरिद्वार पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए डिजिटल एविडेंस और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ लीं। एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने कलियर रोड पर लकी हॉस्पिटल के पास पंकज को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और साथी छोटेलाल को भी गिरफ्तार करा दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, बाइक, मृतक का मोबाइल, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह हत्या प्यार में बाधा बनने के कारण की गई। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पत्रकार वार्ता में सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, कोतवाली बहादराबाद प्रभारी अमरजीत सिंह मौजूद थे।
