हरिद्वार, 28 अप्रैल। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने अभी से पूरी ताकत झोंक दी है। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित अहम बैठक में अधिकारियों ने साफ कर दिया कि इस बार कांवड़ यात्रा बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न कराई जाएगी। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निर्माण कार्यों, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर ठोस रणनीति तैयार की गई। बैठक में सबसे बड़ा फैसला यह रहा कि कांवड़ मार्ग से जुड़े सभी जरूरी निर्माण कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। जो काम समय पर पूरे नहीं हो सकते, उनके लिए ऐसी योजना बनाई जाएगी जिससे कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि सड़कों, सीवरेज और अन्य निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासतौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को दो महीने के भीतर अधूरे काम खत्म करने के आदेश दिए गए। वहीं, बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्र में ट्रैफिक बाधित कर रहे बिजली के पोल हटाने के भी निर्देश दिए गए। सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। घाटों और पुलों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे ताकि भारी भीड़ के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने साफ कहा कि सड़क किनारे निर्माण सामग्री या मलबा बिल्कुल नहीं रखा जाएगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
