हरिद्वार, 11 अप्रैल। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जानकारी दी कि 19 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशन में यात्रा संचालन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा शुरू होने के साथ ही सूचना विभाग द्वारा नियमित बुलेटिन जारी किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को सही और समय पर जानकारी मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से आगाह किया कि हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहें और केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही केदारनाथ के लिए बुकिंग करें। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से विशेष सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है, जो लगातार निगरानी करेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी गलत सूचना का तुरंत खंडन किया जाए। जिलाधिकारी ने मीडिया और आम जनता से अपील की है कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि संबंधित अधिकारी से अवश्य करें, ताकि लोगों तक सटीक और विश्वसनीय जानकारी पहुंच सके।
