हाकिम की चेतावनी : शहरी क्षेत्रों में यूसीसी के तहत कम पंजीकरण पर रुकेगा वेतन
हरिद्वार, 10 नवम्बर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जिला योजना एवं यूसीसी के अंतर्गत पंजीकरण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
यूसीसी पंजीकरण पर नाराज़गी, अधिकारियों का वेतन रोके जाने के निर्देश
डीएम ने नगर निकाय क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम पंजीकरण होने पर नाराज़गी व्यक्त की और निर्देश दिए कि नवम्बर माह में प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में शत-प्रतिशत पंजीकरण पूर्ण हो चुका है, वहां के सभासदों व पार्षदों को सम्मानित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से सीधा संवाद किया जाए ताकि समाधान सरलीकरण, संतुष्टि और समयबद्धता के आधार पर हो। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
स्कूलों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
जिला योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग के अभियंताओं को स्कूल भवनों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने और जिला पंचायतराज अधिकारी को स्कूलों के शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
100 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनेंगे
डीएम ने कहा कि बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने के लिए ग्राम पंचायतों में छोटे-छोटे खेल मैदान विकसित किए जाएं।
इसके लिए उन्होंने खनन प्रभावित 100 ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत चोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा में डीएम ने कहा कि जो लोग विद्युत चोरी कर सरकार को राजस्व हानि पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ लगातार छापेमारी की जाए।
उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी से राजस्व हानि के साथ-साथ लो वोल्टेज की समस्या भी उत्पन्न होती है, इसलिए ऐसे मामलों पर शून्य सहिष्णुता बरती जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, एसडीएम जितेंद्र कुमार, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, एपीडी नलिनीत घिल्डियाल, डीईएस नलिनी ध्यानी, तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
