हरिद्वार, 17 अक्टूबर। विकास भवन रोशनाबाद स्थित सभागार में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की छमाही प्रगति समीक्षा हेतु एक उच्च-स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य परियोजना के पिछले छह माह की उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए आगामी तिमाही के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। सीडीओ डॉ. मिश्र ने परियोजना की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि कुछ प्रमुख बिंदुओं पर और अधिक गति लाने की आवश्यकता है।
बैठक में “शेयर धन (Share Capital)” एवं “एंटरप्राइजेज लक्ष्य पूर्ति” को प्रमुख विषय के रूप में रखा गया। सीडीओ ने निर्देश दिए कि परियोजना की वित्तीय सुदृढ़ता और सामुदायिक स्वामित्व सुनिश्चित करने के लिए दोनों लक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी व स्टाफ युद्धस्तर पर कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।
