
हरिद्वार। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की 138वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पंत पार्क एवं जिला कार्यालय सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जनपद के सभी कार्यालय एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के 138 वी जयंती जनपद में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पंत जी की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पहले पंत पार्क पहुंचकर पंत जी को माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्प माला एवं श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर वक्ता एवं समाज सुधारक थे, जिनकी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जनपद में सभी कार्यालयो एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए तथा उनके जीवन वृतांत पर प्रकाश डाला गया। विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे ने पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
आयोजित कार्यक्रम में मुख्य नगर अधिकारी नगर निगम नंदकुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी आर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।
वहीं 138वीं जयंती पर भारत रत्न गोविन्द बल्लभ पंत जी को हरिद्वार पुलिस ने किया याद। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अन्य अधिकारियों ने किया माल्यार्पण। जनपद मुख्यालय, पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थाना चौकियों में कार्यक्रम आयोजित। स्वतंत्रता आंदोलन में दिया था अहम योगदान, स्वतंत्र भारत में बने थे उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री।