हरिद्वार, 27 फरवरी। आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। SSP नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के साथ बैठकी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि होली और रमजान के दौरान संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। नियमित गश्त और फ्लैग मार्च बढ़ाए जाएं तथा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखकर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। डीजे, हुड़दंग, जबरन रंग लगाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसी गतिविधियों पर सख्ती से नियंत्रण रखने को कहा गया।
मस्जिदों, मंदिरों और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही शांति समिति की बैठकों के माध्यम से दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
