कुंभ की तैयारियों को लेकर एक्शन मोड में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, गंगा घाटों की सफाई तीन पालियों में कराने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी जोर
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था पर निगरानी तेज कर दी है। अपर मेलाधिकारी एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला क्षेत्र और गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति परखी। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नंदन कुमार ने रोड़ीबेलवाला में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, लेकिन जल्दबाजी के नाम पर गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी और प्रभावी सुपरविजन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र कुंभ मेला प्रबंधन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। हरकी पैड़ी तक पहुंचने वाले मार्ग से जुड़े इस क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम पूरा कराया जाना जरूरी है।
तीन पालियों में होगी गंगा घाटों की सफाई, लापरवाही पर नजर
गंगा घाटों की सफाई व्यवस्था को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में तीनों पालियों में नियमित सफाई कराई जाए। कूड़ा उठान और निस्तारण की व्यवस्था ऐसी हो कि कहीं भी गंदगी जमा न होने पाए।
इस दौरान उन्होंने सफाई में जुटे पर्यावरण मित्रों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। जहां सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होगी, वहां उनकी तैनाती भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं को भी बनना होगा स्वच्छता अभियान का हिस्सा
नगर आयुक्त ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन और श्रद्धालुओं की सहभागिता भी जरूरी है। इसके लिए स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को भी जागरूक किया जाएगा। घाटों पर पर्याप्त डस्टबिन रखवाने और उनके इस्तेमाल के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस अभियान में सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा।
शौचालयों की व्यवस्था सुधारने पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
नंदन कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कुंभ की तैयारियों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता, गंगा घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेंगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि कुंभ से पहले हरिद्वार की व्यवस्थाओं को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जा सके।
