सूखी नदी से दक्षद्वीप तक निर्माण कार्यों की पड़ताल, अपर मेलाधिकारी दयानन्द सरस्वती की अधिकारियों को दो टूक – गुणवत्ता से समझौता नहीं, काम में देरी बर्दाश्त नहीं
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। घाटों के बाद अब पुलों और सड़कों को चकाचक बनाने की कवायद तेज हो गई है। मेला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में न तो लापरवाही चलेगी और न ही समयसीमा के नाम पर गुणवत्ता से समझौता होगा।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पर बन रहे डबल लेन स्टील गर्डर पुल और दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण की प्रगति परखी और कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त संसाधन लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी ने दो टूक कहा कि कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलों का सुरक्षित और मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसलिए निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग की भी बारीकी से पड़ताल की गई। यहां सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि भूमिगत सीसीटीवी केबल और सीवरेज लाइन से जुड़े कार्य पूरे हो चुके हैं, ऐसे में अब सड़क और फुटपाथ निर्माण में देरी का कोई कारण नहीं होना चाहिए।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह और सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
कुल मिलाकर कुंभ से पहले हरिद्वार की सड़कों और पुलों को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अब देखना होगा कि अधिकारियों की यह मैदानी सक्रियता निर्माण कार्यों को कितनी तेजी से धरातल पर उतारती है।
