हरिद्वार, 24 सितंबर। किच्छा में कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई कथित मारपीट और थप्पड़ की घटना को लेकर हरिद्वार में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। चंद्राचार्य चौक पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना को लेकर कांग्रेस ने इसे जनप्रतिनिधि के सम्मान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि किच्छा में विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने हमले के लिए भाजपा से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राजनीतिक गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया जा रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ नेता राजबीर सिंह और महेश प्रताप राणा ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के अधिकारों पर हमला है। वहीं ओपी चौहान और एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता धमकियों और हमलों से पीछे हटने वाला नहीं है। अशोक शर्मा और जिला महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का विश्वास जीतने के बजाय कथित तौर पर दबाव की राजनीति पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता के विश्वास, विचारों और काम के आधार पर लड़े जाने चाहिए। अजय गिरी और हिमांशु राजपूत ने विपक्ष को डराने और जनप्रतिनिधियों पर हमले को लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए गंभीर चिंता बताया। पार्षद हिमांशु गुप्ता और सोहित सेठी ने कहा कि उत्तराखंड किसी एक राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। पार्षद विवेक भूषण विक्की और पुनीत कुमार ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। वहीं पार्षद सुनील कुमार सिंह और यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया ने मुख्यमंत्री से घटना में जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, रचना शर्मा, कांग्रेस महासचिव उज्जवल वालिया, वरिष्ठ नेता सीपी सिंह, बीएस तेजियान, सतेंद्र वर्मा, एमडी शर्मा, दिनेश पाण्डेय, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कैश खुराना, सुनील प्रजापति, अमन ठाकुर, योगेश त्यागी, बीपीएस तेजियान, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, अजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
