संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली शपथ
हरिद्वार, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के मूल्यों और आदर्शों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है और इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के सिद्धांत भारतीय समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर अपने जीवन और कार्य व्यवहार में भी उतारना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
