चालान के साथ ब्लैकलिस्ट करने की भी कार्रवाई, अब फिटनेस और विभागीय सेवाओं पर भी पड़ सकता है असर
हरिद्वार। सिडकुल की सड़कों को ट्रकों की अवैध पार्किंग का अड्डा बनाने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं! सड़क किनारे और सार्वजनिक मार्गों पर बेतरतीब तरीके से भारी वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। शुक्रवार को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में 45 भारी वाहनों के चालान काटने के साथ उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने संयुक्त रूप से सिडकुल क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को निशाने पर लिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि सिडकुल में औद्योगिक गतिविधियों के चलते दिनभर भारी वाहनों और आम नागरिकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़कों पर बेतरतीब खड़े ट्रक न केवल जाम का कारण बनते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं को भी न्योता देते हैं।
परिवहन विभाग की कार्रवाई से वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मचा हुआ है। ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई प्रभावी रहने पर नियमानुसार वाहनों की फिटनेस और अन्य विभागीय सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को दो टूक संदेश दिया है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क को पार्किंग स्थल समझने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यानी अब सिडकुल की सड़कों पर मनमर्जी से ट्रक खड़ा करना महंगा पड़ सकता है!
