हरिद्वार में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन की संयुक्त अध्यक्षता में हाईलेवल बैठक, ICCC, CCTV, ड्रोन और एंटी ड्रोन से होगी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इस बार कुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा केवल पुलिस के जवानों के भरोसे नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति के मजबूत पहरे में होगी। आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर हमले और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ की सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं पर गहन मंथन हुआ और अधिकारियों को तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
तीसरी आंख से होगी कुंभ क्षेत्र की निगरानी
कुंभ-2027 में तकनीक सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार बनने जा रही है। पूरे मेला क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), अत्याधुनिक CCTV कैमरे, ड्रोन और एंटी ड्रोन सिस्टम के माध्यम से निगरानी की योजना बनाई गई है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए साइबर सुरक्षा तंत्र मजबूत किया जाएगा।
आतंकियों और संदिग्धों पर रहेगा सुरक्षा एजेंसियों का शिकंजा
संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए ATS, STF, BDS और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। प्रमुख स्नान घाटों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में एंटी सबोटाज चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
शाही स्नान से लेकर रेलवे स्टेशन तक बनेगा सुरक्षा चक्र
प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया और आपातकालीन निकासी की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। पार्किंग स्थलों, वैकल्पिक यातायात मार्गों और जाम की आशंका वाले बॉटलनेक प्वाइंट्स को चिह्नित कर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन और सीसीटीवी निगरानी को भी सुरक्षा योजना का अहम हिस्सा बनाया गया है। इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरणों और आपातकालीन संचार प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिसकर्मियों के रहने-खाने से लेकर ट्रेनिंग तक की तैयारी
कुंभ ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। CAPF, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की वास्तविक आवश्यकता का आकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के प्रशिक्षण और समन्वय पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने जमीन पर उतरकर परखी तैयारियां
समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। ऋषिकुल पुलिस लाइन, प्रमुख स्नान घाटों, हरकी पैड़ी, अस्थायी पुलों, संकरे मार्गों, फायर स्टेशनों, सब कंट्रोल रूम, हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
बैठक में कुंभ मेला आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों और कार्ययोजनाओं का प्रस्तुतीकरण भी दिया।
