पुलिस से तीखी झड़प, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला हिरासत में, विनोद आर्य की गिरफ्तारी की उठाई मांग
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत में उबाल पैदा कर रहा है। पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य द्वारा अंकिता भंडारी और उसके दोस्त की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा ने मोर्चा खोलते हुए विनोद आर्य के घर का घेराव करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ता विनोद आर्य के आवास की ओर कूच कर रही थीं। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा पर सीधा हमला है। महिला कार्यकर्ताओं ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई और विनोद आर्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया।
इस मौके पर ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी की निजी चैट को सार्वजनिक करना गंभीर और दंडनीय अपराध है। महिला कांग्रेस इस तरह की हरकत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि विनोद आर्य को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई हो।
वहीं कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे मामले से जनता का ध्यान भटकाने और केस की दिशा बदलने की कोशिश बेहद निंदनीय है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने विनोद आर्य के आवास का घेराव करने का निर्णय लिया।
अंकिता मामले में निजी चैट सार्वजनिक होने को लेकर अब राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक इस मामले में कार्रवाई नहीं होती, उसका विरोध जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, राजीव चौधरी, रवीश भटीजा, दिव्यांश अग्रवाल, अंजू मिश्रा, पूनम भगत आदि सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।
