21 साल की संगठनात्मक सेवा के अनुभव के साथ विधानसभा टिकट पर ठोकी ताल, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को सौंपा आवेदन
हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा में टिकट की दावेदारी का दौर तेज होने लगा है। इसी कड़ी में हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट संख्या-35 से भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी (विकास चौधरी) ने अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। सोमवार को वह सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना आवेदन पत्र सौंपकर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई।
आशु चौधरी ने अपनी दावेदारी के समर्थन में 21 वर्षों की संगठनात्मक यात्रा और पार्टी के प्रति समर्पण को प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में जुटे हैं। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर उन्होंने स्थानीय समस्याओं को करीब से समझा है और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के बीच अपने व्यवहार और कार्यशैली के चलते उन्होंने मजबूत जनसंपर्क बनाया है। विशेषकर युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकता में रहेंगे।
आशु चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा को उत्तराखंड की 70 विधानसभाओं में सर्वश्रेष्ठ बनाना है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण की जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनता के समर्थन से ही वह आगे बढ़ेंगे।
समर्थकों की बड़ी मौजूदगी ने दिखाई ताकत
दावेदारी के दौरान पंडित अरुण शर्मा, प्रीतम चौधरी, इरफान अंसारी, नफीस अंसारी, देवपाल सिंह राठी, विनोद मलिक, नरेश बालियान, रंजय चौहान, डॉ. संजय कुमार, डॉ. विक्रम सिंह, संदीप शर्मा, वरुण चौहान, सुशील शर्मा, सुदेश सैनी, संदीप चौधरी, विजय राणा, मुकर्रम अंसारी, इनायत अंसारी, श्रवण कुमार, अकरम अंसारी, शिवम चौहान, अतुल चौधरी, विशाल चौधरी, विभोर कश्यप, विशेष कुमार, विनीत चौधरी, प्रवीण कुमार, रेनू कुमार, लवी चौधरी, टिंकू कुमार और आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
