श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी और महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने संभाली कमान, संवाद और सहमति से सुलझेंगे विवाद
नया, बड़ा और निर्मल अखाड़े के मतभेद दूर करने की पहल तेज, संतों को एक मंच पर लाने की मुहिम शुरू
हरिद्वार। कुंभ-2027 का शंखनाद होने से पहले संत समाज में एकता की नई पटकथा लिखने की तैयारी शुरू हो गई है। 13 अखाड़ों को एक मंच पर लाने के बाद अब अखाड़ों के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी खींचतान को खत्म करने की मुहिम तेज हो गई है। नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में लंबे समय से चले आ रहे विवादों को बातचीत की मेज पर सुलझाने की पहल की जा रही है। इस मुहिम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज तथा राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित मिश्री मठ में श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज पहुंचे, जहां महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने शॉल और रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोनों संतों के बीच कुंभ की तैयारियों के साथ अखाड़ों में चल रहे आंतरिक विवादों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने साफ कहा कि नया अखाड़ा, बड़ा अखाड़ा और निर्मल अखाड़े में अलग-अलग मुद्दों को लेकर गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है। अखाड़ा परिषद सभी पक्षों से बातचीत कर विवादों को समाप्त कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे विराट धार्मिक आयोजन से पहले संत समाज का एकजुट होना बेहद जरूरी है। आपसी संवाद और सहमति के जरिए सभी मतभेद दूर किए जाएंगे, ताकि संत समाज एकजुट होकर कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन में अपनी भूमिका निभा सके।
वहीं महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि संत समाज की एकता और अखाड़ों की गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और संत पहुंचेंगे। ऐसे में अखाड़ों के बीच किसी तरह का विवाद उचित नहीं है। जिस तरह सभी 13 अखाड़े एक मंच पर आए हैं, उसी तरह आंतरिक मतभेद भी बातचीत के जरिए समाप्त कराए जाएंगे। उनका प्रयास है कि सभी संतों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द और समन्वय को मजबूत किया जाए।
अखाड़ों की एकता से मेला प्रशासन ने ली राहत की सांस
अखाड़ों के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान केवल संत समाज ही नहीं, बल्कि कुंभ मेला प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी हुई थी। रविवार को दोनों अखाड़ा परिषदों के अध्यक्षों के एक मंच पर साथ नजर आने के बाद सकारात्मक संदेश गया है। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका और उनकी टीम भी पिछले करीब एक वर्ष से अखाड़ों के बीच समन्वय स्थापित करने के प्रयास में जुटी थी। अब आंतरिक विवादों को सुलझाने की पहल तेज होने से कुंभ की तैयारियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महंत ऋषिश्वरानंद, आनंद अखाड़े के पीठाधीश्वर महंत शंकरानंद महाराज, मिश्री मठ के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान और वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
