बहादराबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, एक आरोपी गिरफ्तार, वाहन चोरी के पांच मुकदमों का खुलासा
हरिद्वार। स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए एक युवक वाहन चोर बन गया। बाइक चोरी करने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए उन्हें गंगनहर किनारे जंगल की झाड़ियों में छिपा देता था। लेकिन हरिद्वार पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी। बहादराबाद पुलिस ने शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के पांच मुकदमों का सफल खुलासा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 नवंबर को उपनिरीक्षक विकास रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान रास्ते पर एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दीपक (27) पुत्र सुंदर लाल, निवासी तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर के रूप में बताई। बाइक के दस्तावेज मांगने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने आराध्या नर्सिंग होम के पास से बाइक चोरी करने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस गंगनहर किनारे जंगल में पहुंची, जहां झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। बरामद 10 बाइकों में पांच बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं, जबकि पांच अन्य संदिग्ध बाइक हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह पूर्व में भी पिरान कलियर और भगवानपुर थानों में वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
इस बड़ी कामयाबी में उपनिरीक्षक विकास रावत सहित हेड कांस्टेबल राजवर्धन, बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा शामिल रहे।
एक गिरफ्तारी, 10 बाइक बरामद और पांच मुकदमों का खुलासा, बहादराबाद पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
