दुकानों, होटलों, आश्रमों और घरों की दीवारों पर दिखेगी एकरूपता, खास डिजाइन के होंगे साइन बोर्ड
हरिद्वार। कुंभ-2027 में धर्मनगरी हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार शहर का एक नया और आकर्षक रूप देखने को मिलेगा। कुंभनगरी की सड़कें ही नहीं, बल्कि मुख्य मार्गों पर स्थित दुकानें, होटल, आश्रम और भवन भी एक ही रंग में रंगे नजर आएंगे। शहर की दीवारों पर एकरूपता के साथ रंग-रोगन होगा तो दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे साइन बोर्ड भी खास डिजाइन में तैयार किए जाएंगे। यानी कुंभ में हरिद्वार की पहचान केवल गंगा घाटों और मंदिरों से ही नहीं, बल्कि उसकी सुसज्जित और आकर्षक तस्वीर से भी होगी। कुंभनगरी को एकरूप और सुंदर स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कई क्षेत्रों में रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम प्रगति पर है। इस महत्वाकांक्षी योजना की जिम्मेदारी हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को सौंपी गई है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं मेलाधिकारी सोनिका के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में पूरी योजना को धरातल पर उतारा जा रहा है। प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने बताया कि कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार को सजाने-संवारने और शहर को एक आकर्षक पहचान देने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत देवपुरा चौक से शिवमूर्ति, अपर रोड, हरकी पैड़ी, भीमगोडा होते हुए खड़खड़ी और सूखी नदी तक मुख्य मार्गों पर पड़ने वाली दीवारों को एक ही रंग में रंगा जाएगा। इसी तरह शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक होते हुए शिवमूर्ति तक तथा शंकराचार्य चौक से झंडा चौक होते हुए दक्ष मंदिर तक भी दीवारों को एकरूप रंग दिया जाएगा। इन मार्गों पर स्थित दुकानों, होटलों, आश्रमों और भवनों को भी निर्धारित रंग और डिजाइन के अनुरूप सजाने की तैयारी है। साइन बोर्ड के लिए भी विशेष डिजाइन तय किया जाएगा, ताकि पूरे क्षेत्र में एक जैसी सुंदरता और व्यवस्थित स्वरूप दिखाई दे। इस पूरे अभियान की प्राधिकरण स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुल मिलाकर कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार की सड़कों, बाजारों और भवनों की सूरत बदलने की तैयारी है। अब श्रद्धालुओं को गंगा की लहरों के साथ-साथ एक रंग और एक रूप में सजी-संवरी कुंभनगरी भी आकर्षित करेगी।
