देवपुरा चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं ने कहा – न्याय मांग रहे माता-पिता को हिरासत में लेना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा
हरिद्वार। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर हरिद्वार में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में देवपुरा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए सिक्किम के राज्यपाल पद पर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने और अंकिता के माता-पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में न्याय की गुहार लगा रहे अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने पर भी कड़ा आक्रोश जताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि अपनी बेटी को खो चुके माता-पिता को न्याय के लिए सड़कों पर बैठना पड़े और उनकी पीड़ा सुनने के बजाय पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़े, तो यह सत्ता की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी बेटी अंकिता को नहीं भूला है और कांग्रेस उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी।
युवा नेता वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता ने कथित वीआईपी के संबंध में दुष्यंत गौतम का नाम लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में परिवार के सवालों का जवाब निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच से ही मिल सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, तब जांच पूरी होने से पहले संबंधित व्यक्ति को राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्त करने से जनता के बीच क्या संदेश जाता है? भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी प्राथमिकता पीड़ित परिवार का विश्वास जीतना है या अपने नेताओं को ऊंचे पदों पर बैठाना।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि इस नियुक्ति से कथित वीआईपी प्रकरण में राजनीतिक संरक्षण को लेकर आशंकाएं बढ़ी हैं। संवैधानिक पदों की गरिमा बनाए रखने के लिए जरूरी है कि जनता का विश्वास कायम रहे और जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। उन्होंने मांग की कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द की जाए तथा परिवार के आरोपों की बिना राजनीतिक दबाव के समयबद्ध जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति आए, उसके पद और राजनीतिक संबंधों के कारण सच्चाई सामने आने में बाधा नहीं पड़नी चाहिए।
महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने दिल्ली में हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि 14 अक्टूबर की रात इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को अगले दिन तड़के हिरासत में लिया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने परिवार के साथ दुर्व्यवहार किए जाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि एक मां अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांग रही है और एक पिता अपनी बच्ची के साथ हुए कथित अन्याय का जवाब चाहता है। ऐसे में उनकी आवाज सुनने के बजाय उन्हें धरनास्थल से हटा देना संवेदनशील शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पार्षद हिमांशु गुप्ता और ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा कि अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लेने के बाद रिहा कर देने मात्र से उनके अपमान और पीड़ा का सवाल समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि बेटी बचाओ का नारा देने वाली सरकार न्याय की मांग कर रहे माता-पिता के साथ संवाद करने के बजाय पुलिस कार्रवाई का रास्ता क्यों अपना रही है?
ब्लॉक अध्यक्ष *हिमांशु राजपूत और ओबीसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वे उत्तराखंड की जनता की भावनाओं की ओर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अंकिता के परिवार का दर्द सुना और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़े होने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में परिवार को विश्वास और सहारे की जरूरत है तथा कांग्रेस इस संघर्ष में मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
निष्पक्ष जांच तक जारी रहेगी न्याय की मांग
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि अंकिता भंडारी प्रकरण में परिवार द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब पारदर्शी जांच के माध्यम से दिया जाए। उन्होंने कहा कि जांच किसी राजनीतिक दबाव में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।
ये नेता रहे मौजूद : विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता सीपी सिंह, दाताराम चौहान, मंडलम अध्यक्ष दिनेश चौहान, अमित गुप्ता, विशाल अग्रवाल, शुभम जागरिया, गौरव गोस्वामी, अरुण चौहान, सतेंद्र वर्मा, एल.एस. रावत और वार्ड अध्यक्ष नंदन कुमार सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
