जमालपुर कलां में साढ़े चार साल से बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने शुरू कराया निर्माण कार्य, विधायक पर पुराने कामों का श्रेय लेने का लगाया आरोप
हरिद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच हरिद्वार ग्रामीण की सियासत में विकास कार्यों के श्रेय को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों से दूरी बनाए रखने वाली विधायक अब चुनाव नजदीक आते ही पुराने कार्यों का श्रेय लेने में जुट गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधायक का विकास से कोई वास्ता नहीं रहा और अब जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
बुधवार को ग्राम जमालपुर कलां में स्वामी यतीश्वरानंद ने दयाल एन्क्लेव, रमा विहार और रुद्र विहार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कॉलोनियों के लोग करीब साढ़े चार साल से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे थे। लगभग पांच हजार की आबादी प्रभावित होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रयासों से खनन विकास निगम के माध्यम से सड़क निर्माण का काम शुरू कराया गया है।
‘पुराने कामों पर अपना नाम चिपकाने की कोशिश’
स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस विधायक पर हमला बोलते हुए कहा कि जब चुनाव नजदीक आ गए हैं और अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए कुछ नहीं है, तो अब पुराने कार्यों पर श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के बोर्ड बदलकर जनता के सामने गलत तस्वीर पेश की जा रही है।
उन्होंने लालढांग क्षेत्र के रसूलपुर में प्रस्तावित पुल का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके प्रस्ताव पर पिछले कार्यकाल में घोषणा संख्या 1038/2021 के तहत पुल निर्माण की घोषणा की थी। उनके मुताबिक, अब कांग्रेस विधायक इस कार्य का भी श्रेय लेने का प्रयास कर रही हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि संभव है कि जब सड़क चलने लायक बन जाएगी, तब उसका भी रिबन काटने पहुंच जाएं। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं, बल्कि जनता को बेहतर सड़क और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना।
सड़क निर्माण को लेकर भाजपा ने दिखाई सक्रियता
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने सड़क निर्माण को क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरा कदम बताया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जनता सब जानती है और विकास कार्यों का श्रेय लेने की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चल सकती। इस मौके पर मंडल महामंत्री एवं ग्राम प्रधान हरेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान, डॉ. प्रदीप चौधरी, नाथीराम चौधरी, मास्टर धर्मेंद्र चौहान, डॉ. मनमोहन, प्रमोद चौहान, तिलकराम सैनी, सुधीर ठाकुर, महक सिंह, अभिषेक, विपिन चौधरी, राजदीप सिंह, जोगेंद्र जौनी, मोहित ठाकुर और लवी चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
