अमन गर्ग बोले – मामला सिर्फ खड़गे के अपमान का नहीं, संविधान और सामाजिक समानता के सम्मान से जुड़ा सवाल; कार्रवाई न हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हरिद्वार रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट और इस पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हरिद्वार कोतवाली में तहरीर भी दी।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि यदि मंच का कथित ‘शुद्धिकरण’ जातिगत मानसिकता के कारण किया गया है तो यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान, सामाजिक समानता और करोड़ों दलितों के सम्मान पर चोट है।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय पालीवाल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष चौहान और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि दशकों से जनता की आवाज उठाने वाले वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता खड़गे की रैली के बाद मंच को कथित तौर पर ‘शुद्ध’ करने की मानसिकता बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।
वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और प्रदेश कांग्रेस सचिव प्रदीप चौधरी ने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक दलों के बीच विवाद नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक की बराबरी के अधिकार से जुड़ा है।
पूर्व सभासद अशोक शर्मा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने भाजपा से सवाल किया कि आखिर एक वरिष्ठ दलित नेता की मौजूदगी के बाद मंच को ‘शुद्ध’ करने की जरूरत क्यों महसूस हुई। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर शुद्ध-अशुद्ध मानने की सोच आज भी मौजूद है तो यह संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव मकबूल कुरैशी और एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष तीर्थ पाल रवि ने कहा कि भाजपा नेताओं को मंच का नहीं, बल्कि जातिवादी और सामंती सोच का ‘शुद्धिकरण’ करने की जरूरत है।
वरिष्ठ नेता वीरेंद्र श्रमिक और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि कांग्रेस दलितों, पिछड़ों, वंचितों और समाज के हर वर्ग के सम्मान के लिए हमेशा संघर्ष करती आई है और आगे भी करती रहेगी।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा और महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित ने आरोप लगाया कि भाजपा एक ओर सामाजिक समरसता और ‘सबका साथ’ की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उससे जुड़े लोगों की कथित ऐसी घटनाएं उसके दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
पार्षद सोहित सेठी और पार्षद विवेक भूषण विक्की ने कहा कि मामले को महज राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहने दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन से घटना के तथ्यों की जांच, जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार ने कहा कि संविधान और दलित समाज के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के संविधान और समानता के सिद्धांतों से चलेगा, जातिगत भेदभाव और सामंती मानसिकता से नहीं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ये कांग्रेसजन भी रहे मौजूद
प्रदर्शन में चौधरी करतार सिंह खारी, महानगर कांग्रेस महासचिव तुषार कपिल, बीपीएस तेजियान, मंडलम अध्यक्ष सन्नी मल्होत्रा, शुभम जागरिया, विवेक बाबरे, पूर्व नगर अध्यक्ष अंकित चौहान, पार्षद प्रतिनिधि शहाबुद्दीन अंसारी, पूर्व पार्षद सुहैल कुरेशी, जावेद अंसारी, सन्नी सक्सेना, आशीष प्रधान, पार्षद हिमांशु गुप्ता, सीपी सिंह, संदीप भार्गव, विरेंद्र तेश्वर, प्रदीप भाटिया, हरिओम शर्मा, अरूण चौहान, शुभम जोशी, संदीप, मोहित गर्ग, सुमन अग्रवाल, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शशि झा, हिमांशु राजपूत, दिनेश कुमार, अमन यादव, हेमंत चंचल, मोहित अरोड़ा, आशीष शर्मा, दिनेश पुण्डीर, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी मुकेश त्यागी, लोकेश शर्मा, करन सिंह राणा, राजेश खुराना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
