गड्ढों, जलभराव और धूल से बेहाल मुख्य मार्ग की मरम्मत व जल निकासी दुरुस्त करने की मांग
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा के नवोदय नगर की बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नवोदय नगर में करीब 9 से 10 हजार परिवार रहते हैं और हजारों लोग रोज इसी सड़क से नौकरी, स्कूल और बाजार के लिए गुजरते हैं। लेकिन पिछले 2-3 वर्षों से सड़क जगह-जगह टूट चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों में बरसात का पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सड़क के दोनों ओर बनी नालियां अवरुद्ध हैं, जिससे जलभराव बना रहता है और सड़क लगातार क्षतिग्रस्त होती जा रही है। इसका असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है, क्योंकि बाजार में धूल और पानी की समस्या बनी रहती है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सड़क और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण कराया जाएगा तथा जल्द समाधान की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में मनोज सैनी, सोम त्यागी, अमित अवस्थी, अक्षय नागपाल, नंद लाल यादव, संदीप भार्गव, मनीष पटेल, तुषार सक्सेना, वासु नौडियाल, अंकुल गुप्ता और कृष्णा यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
