हरिद्वार। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। आंदोलन के तृतीय चरण में कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि तथा महापौर किरण जैसल के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को कर्मचारियों की मांगों पर प्रबल संस्तुति के साथ कार्रवाई के लिए आग्रह किया गया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और महामंत्री सुनील अधिकारी ने कहा कि कर्मचारी लगातार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन महानिदेशालय और शासन स्तर पर उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की पदोन्नति से सरकार पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इसके बावजूद वर्षों से कर्मचारियों को पदोन्नति से वंचित रखा जाना उनके साथ अन्याय है। कर्मचारियों ने पदोन्नति, पौष्टिक आहार भत्ता, वर्दी भत्ता और धुलाई भत्ता सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। संघ पदाधिकारियों का आरोप है कि शासनादेश होने के बावजूद वर्दी भत्ता वेतन में नहीं जोड़ा गया है और लंबे समय से धुलाई भत्ते में भी बढ़ोतरी नहीं की गई। वहीं नर्सिंग संवर्ग को पौष्टिक आहार भत्ता दिए जाने के बावजूद समान परिस्थितियों में कार्य करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है। प्रदेश संगठन सचिव दिनेश गुसाईं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गिरीश पंत, जिला मंत्री राकेश भंवर, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र तेश्वर सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि अब यह लड़ाई कर्मचारियों के मान-सम्मान और अधिकारों की है। संघ ने ऐलान किया कि 21 अगस्त को आंदोलन के चतुर्थ चरण में महानिदेशक कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि वार्ता में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में दिनेश लखेड़ा, राजेंद्र तेश्वर, राकेश भंवर, नितिन कुमार, अजय कुमार, ललित शाह, सुरेश गोस्वामी, भोपाल शाह, राजेंद्र रावत, नागेश नौडियाल, महेंद्र पड़ियार, पुरण सतवाल, त्रिलोक सिंह, आनंद, ताजबर सिंह, मनीष पंवार, अनिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
