हरिद्वार। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय लायंस क्लब ग्रेटर हरिद्वार की ओर से डॉक्टर हरिराम आर्य इंटर कॉलेज में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए जूते वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 6, 7 और 8 के बच्चों को जूते वितरित किए गए। नए जूते पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्लब अध्यक्ष मेहुल सिंगल और नीलू खन्ना ने कहा कि लायंस क्लब ग्रेटर हरिद्वार लगातार अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। क्लब का प्रयास है कि समाज के उन वर्गों तक मदद पहुंचाई जाए, जो आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में छोटी-छोटी मदद भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्लब भविष्य में भी इसी भावना के साथ सामाजिक सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रवीण त्यागी, सरीन कुमार, श्रवण कुमार, दीपक मिश्रा, यज्ञ राज भट्ट, राजेश कुमार और संजय कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। लायंस क्लब की ओर से संजय खन्ना, राजेश भार्गव, अंशुल जैन, जगमोहन कौशल, दीपक गर्ग आदि ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
