देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से हवन कर शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में एससी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी के माध्यम से डीजीपी को ज्ञापन भेजकर संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विनोद कुमार ने कहा कि यह मामला केवल किसी एक व्यक्ति के अपमान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक पद की गरिमा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वयं राज्यसभा में इस मुद्दे को उठाया है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए उचित कार्रवाई की बात कही थी। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि शासन-प्रशासन को मामले में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
विनोद कुमार ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में पार्षद अनुज कुमार सोनकर, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पार्षद निखिल कुमार, सोम प्रकाश वाल्मीकि, गौतम कुमार, शिव कुमार, बिजेंद्र बिष्ट, बल्लू, शिवास बिष्ट, नमन लालचंद शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व राजकुमार, विधायक सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
