हरिद्वार। गंगा एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित निर्माण को लेकर जमालपुर कलां के किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। मंगलवार को गांव के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। किसानों ने कहा कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे के लिए उनकी उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि एक्सप्रेसवे का मार्ग बदला जाए और इसे किसी अन्य स्थान से निकाला जाए, ताकि किसानों की उपजाऊ जमीन सुरक्षित रह सके। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को बताया कि खेती ही क्षेत्र के अधिकांश परिवारों की आय का मुख्य साधन है। यदि कृषि भूमि अधिग्रहित हुई तो हजारों लोगों के सामने रोज़गार और भविष्य का संकट उत्पन्न हो जाएगा। किसानों ने प्रशासन से उनकी भावनाओं और हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान कल्याण चौधरी, डॉ. विक्रम सिंह, प्रमील कुमार, सुशील कुमार, लवी चौधरी, नत्थू प्रधान, पुष्पेंद्र चौधरी, नफीस अंसारी, संदीप चौधरी, दीपेंद्र कुमार, विशेष कुमार, शुभम कुमार, पृथ्वी सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
