हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में युवती की रहस्यमयी गुमशुदगी और हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। कई दिनों तक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी बनी इस वारदात में पुलिस ने मुख्य आरोपी नावेद निवासी अलीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और आपसी विवाद ने इस रिश्ते का अंत खौफनाक हत्या में कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नावेद और मृतका शहनुमा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। एक पारिवारिक शादी में युवती के DJ पर डांस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। नावेद ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। आरोपी नावेद ने बताया कि बाद में युवती उसकी मां और बहन को गालियां देने लगी और उसे विभिन्न मामलों में फंसाने तथा कोर्ट में बयान देने की धमकी देने लगी। इसी के बाद उसने हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के मुताबिक आरोपी नावेद शहनुमा को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगली सुबह वह उसे सुनसान इलाके में ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को गंगनहर में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर भगवानपुर-चंदनपुर क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
