हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुंभ क्षेत्र में सड़क, पुल, पार्किंग और अन्य आधारभूत ढांचों के निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। गुरुवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बैरागीवाला, श्रीयंत्र क्षेत्र और दक्षद्वीप में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दक्षद्वीप क्षेत्र में वन विभाग के माध्यम से सिंचाई विभाग द्वारा बनाई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। करीब 650 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण बैरागी कैंप को श्रीयंत्र मंदिर मार्ग से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान यह मार्ग अखाड़ों, धार्मिक संस्थाओं, पार्किंग स्थलों और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। इस परियोजना पर शासन ने 46.47 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं और अधिकारियों के अनुसार शेष कार्य अगले दस दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। अपर मेलाधिकारी ने मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल का भी निरीक्षण किया। यह नया पुल पहले से मौजूद पुल के समानांतर बनाया जा रहा है, जिससे कुंभ के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के अंत में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस दौरान मेलाधिष्ठान के तकनीकी सैल के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल भी मौजूद रहे।
