हरिद्वार, 11 जून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा को लेकर हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 53 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए सुगम प्रवेश-निकास सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा से पूर्व होटल, लॉज, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच भी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, जैमर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की जाएगी तथा परीक्षा दिवस पर सुबह 8 बजे से सघन चेकिंग और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द सहित सभी विभागीय अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के ऑब्जर्वर उपस्थित रहे।
