हरिद्वार, 29 मई। हरिद्वार जिले की ग्राम पंचायत अकोढ़ा खुर्द में लाखों रुपये के विकास कार्यों में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम प्रधान बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ग्राम पंचायत में सीसी सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं, एक ही सड़क को अलग-अलग दिखाकर भुगतान लेने, बिना मानकों के निर्माण कराने और निजी लोगों को फायदा पहुंचाने के आरोप भी सही पाए गए। प्रशासन की जांच में यह भी सामने आया कि कई निर्माण कार्य सार्वजनिक हित के बजाय निजी पहुंच मार्ग के रूप में कराए गए। सड़क किनारे नाली निर्माण में तकनीकी खामियां मिलीं, जबकि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज जानकारी और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर पाया गया। जांच टीम को ग्राम पंचायत के अहम रिकॉर्ड भी समय पर नहीं दिए गए। बैंक पासबुक, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर और वित्तीय वर्ष 2022-23 व 2023-24 के दस्तावेज गायब मिले, जिससे पूरे मामले में गड़बड़ी की आशंका और गहरा गई। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में शामिल अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। डीएम मयूर दीक्षित ने साफ कहा है कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अनियमितताओं से जुड़ी धनराशि की वसूली के भी निर्देश दिए गए हैं।
