हरिद्वार, 28 मई। जनपद प्रशासन में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कई उपजिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्वों में आंशिक संशोधन किया है। शासन स्तर पर हुए तबादलों और पदोन्नतियों के बाद नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव के तहत अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर चौहान को अपर जिलाधिकारी पौड़ी के पद के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। वहीं उपजिलाधिकारी पद से पदोन्नत हुए जितेंद्र कुमार ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन का पदभार संभाल लिया है।जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय हरगिरि को नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर उपजिलाधिकारी रुड़की के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी को अब अपर उपजिलाधिकारी रुड़की का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है। देहरादून से स्थानांतरित होकर आए योगेश सिंह मेहरा को उपजिलाधिकारी हरिद्वार नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि आगामी प्रशासनिक और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
