हरिद्वार, 25 मार्च। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों में इस बार श्रद्धालुओं के साथ-साथ मेला ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरकों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है। रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 100 बेड क्षमता की बैरक का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इस बैरक को विशेष रूप से महिला कर्मियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं का समुचित प्रबंध होगा। वहीं ऋषिकेश के भद्रकाली क्षेत्र में भी पुलिस कर्मियों के लिए बैरक निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा, हरिद्वार में 300 बेड क्षमता की एक बड़ी बैरक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अग्निशमन विभाग के कर्मियों के लिए भी अलग बैरकों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है, जिससे आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसी क्रम में मेलाधिकारी के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन और मायापुर फायर स्टेशन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का आकलन किया गया। अपर मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैरकों के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां से मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों तक आसानी से और कम समय में पहुंच संभव हो। चयनित स्थलों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग एवं पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
