हरिद्वार, 20 फरवरी। परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन मैदान पहुंचकर जवानों के साथ दौड़ लगाई और उन्हें नियमित फिजिकल एक्सरसाइज के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से फिट रहना कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है। दौड़ के बाद उन्होंने जवानों की शस्त्र अभ्यास एवं मैन्युअल ड्रिल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। परेड के उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस लाइन पूरे जनपद की पुलिस व्यवस्था का केंद्र है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं 24 घंटे दुरुस्त रहनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद एसएसपी कर्मचारियों के भोजनालय पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारियों के साथ भोजन किया। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए कि कर्मचारियों को प्रतिदिन पौष्टिक व समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे समय से ड्यूटी पर पहुंच सकें।
