कर्नाटक। ज्योतिष पीठ एवं शारदा पीठ के ब्रह्मलीन जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के सुयोग्य शिष्य, ब्रह्मचारी संत स्वामी रामानंद महाराज ने कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत से राजभवन में सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर स्वामी रामानंद महाराज ने राज्यपाल से आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर सारगर्भित संवाद किया। उन्होंने सनातन संस्कृति के संरक्षण, समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना तथा राष्ट्र के सर्वांगीण कल्याण में संत परंपरा की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने स्वामी रामानंद महाराज का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके आध्यात्मिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और युवाओं में संस्कारों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भेंट के अंत में स्वामी रामानंद महाराज ने राज्यपाल को आशीर्वचन प्रदान किए तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
