भोपाल। शंकराचार्य जगतगुरु स्वरूपानंद सरस्वती जी के शिष्य एवं संस्कार सेना के संरक्षक ब्रह्मचारी संत स्वामी रामानंद महाराज ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मंत्रालय में सप्रेम भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच आध्यात्मिक, सामाजिक व राष्ट्रहित से जुड़े विविध विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान स्वामी रामानंद जी महाराज ने समाज में संस्कार, शिक्षा और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए चल रहे मिशनों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने प्रदेश में युवाओं को चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण हेतु प्रेरित करने के लिए संस्कार सेना द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वामी रामानंद जी महाराज के आध्यात्मिक नेतृत्व और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संत समाज के मार्गदर्शन से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया और मजबूत होती है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उत्थान से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
मंत्रालय में हुई यह सौजन्य भेंट सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक रही, जिसमें प्रदेश में सांस्कृतिक जागरण, सामाजिक एकता और युवाओं में नैतिक चेतना बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। स्वामी रामानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री के प्रति सद्भाव एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
