हरिद्वार, 9 जनवरी। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने अवगत कराया कि उनके द्वारा विकास खंड बहादराबाद अंतर्गत ग्राम जमालपुर कलां में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम में अत्यधिक कूड़ा-कचरा एवं गंदगी पाई गई, जो स्वच्छता मानकों के विपरीत है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता महाअभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद ग्राम में व्याप्त गंदगी से यह स्पष्ट होता है कि विकास खंड बहादराबाद में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) द्वारा स्वच्छता अभियान के प्रति अपेक्षित रुचि नहीं ली गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारी को पूर्व में भी ग्राम में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, किंतु उनका अनुपालन नहीं किया गया। यह कृत्य कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को दर्शाता है।
उक्त तथ्यों के दृष्टिगत सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के विरुद्ध विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की संस्तुति की गई है। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अग्रिम आदेशों तक संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) का वेतन आहरित न किया जाए।
