30 दिसंबर को शान्तरशाह क्षेत्र में देशी शराब के ठेके से रकम लेकर रुड़की जा रहे सेल्समैन कृष्णा राणा को पतंजलि रिसर्च सेंटर के पास बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर गंभीर धाराओं में बढ़ोत्तरी की गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ने तत्काल विशेष टीम गठित कर एएसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी के पर्यवेक्षण में जांच शुरू कराई।
पुलिस टीम ने CIU की तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज, ग्राउंड इंटेलिजेंस और मुखबिर तंत्र के जरिए लगातार निगरानी रखते हुए बदमाशों की पहचान की। 4 जनवरी को नहर पटरी, तिरछा पुल के पास से श्रवण गिरि और प्रणव को अवैध तमंचे व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार की और बताया कि मोटरसाइकिल सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 6 हजार रुपये नकद, लूटी रकम से खरीदा गया महंगा मोबाइल, एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ यूपी और उत्तराखण्ड में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
