हरिद्वार, 6 मार्च। फाउंड्री गेट से भगत सिंह चौक के बीच शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचवाया। समय पर इलाज मिलने से दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एसएसपी नवनीत सिंह वीवीआईपी ड्यूटी की व्यवस्थाओं की जांच करने तथा डी-ब्रीफिंग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान फाउंड्री गेट और भगत सिंह चौक के बीच सड़क पर उन्हें दो घायल व्यक्ति पड़े दिखाई दिए। एसएसपी ने तुरंत वाहन रुकवाकर घटना की जानकारी ली। पूछताछ में पता चला कि एक चरवाहा अपनी बकरी के साथ सड़क पार कर रहा था। उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल सवार का संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक एक ऑटो से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार और चरवाहा दोनों घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलवाया और मातहत पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों घायलों को मेला अस्पताल भिजवाया। चेतक पुलिस की सूचना पर बाइक सवार के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
