हरिद्वार, 12 अक्टूबर। हरिद्वार जनपद के रोशनाबाद क्षेत्र में विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की घटना पर उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग ने गंभीर संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने इसे अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे, हर दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार भारती नामक विवाहिता की शादी अक्टूबर 2024 में आशीष कुमार निवासी रोशनाबाद से हुई थी। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति, ससुर, सास, नंद और जेठ ने मिलकर 11 अक्टूबर को उसे पेट्रोल डालकर जला दिया। पीड़िता 80 प्रतिशत तक झुलस गई है और एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है।
शिकायत मिलने पर महिला आयोग अध्यक्ष ने एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोभाल को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला महिला सुरक्षा और न्याय की कसौटी बनेगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
