हरिद्वार। भारत सरकार द्वारा जारी की गई राष्ट्रीय स्तर की बेस्ट पुलिस स्टेशन सूची में उत्तराखंड से कोतवाली ज्वालापुर का चयन किया गया है। यह उपलब्धि अपराध नियंत्रण, उत्कृष्ट विवेचना, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसेवा के उच्च मानकों पर खरा उतरने का परिणाम है।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष देशभर के पुलिस थानों का भौतिक निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के आधार पर श्रेष्ठ पुलिस स्टेशनों का चयन किया जाता है। इसी क्रम में 5 अक्टूबर 2025 को भारत सरकार की टीम द्वारा कोतवाली ज्वालापुर का निरीक्षण किया गया था, जिसमें थाना प्रत्येक कसौटी पर खरा उतरा।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में राज्यपाल द्वारा प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम को प्रमुख आधार माना गया, जिसमें गंभीर अपराधों का समयबद्ध खुलासा, वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग, त्वरित गिरफ्तारी, लंबित मामलों का निस्तारण एवं समय से चार्जशीट दाखिल करना शामिल रहा। साथ ही कानून-व्यवस्था प्रबंधन, त्योहारों, मेलों एवं आपात परिस्थितियों में प्रभावी पुलिसिंग की भी सराहना की गई।
जनता से संवेदनशील व्यवहार, शिकायतों का त्वरित समाधान, बीट पुलिसिंग, महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्ग की सुरक्षा, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई तथा स्मार्ट पुलिसिंग पहलों ने भी कोतवाली ज्वालापुर को विशिष्ट पहचान दिलाई।
SSP प्रमेंद्र डोबाल, SP क्राइम जितेंद्र मेहरा, SP सिटी अभय प्रताप सिंह, ASP जितेंद्र चौधरी ने इस उपलब्धि के लिए ज्वालापुर प्रभारी कुंदन सिंह राणा और उनकी टीम को बधाई दी है।
