हरिद्वार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इस सूची में हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक का नाम शामिल होने से जिले में खुशी का माहौल है। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कौशिक को बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल उनके राजनीतिक जीवन, बल्कि क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने से हरिद्वार में विकास कार्यों को गति मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य व आधारभूत ढांचे से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा। साथ ही, सरकार की योजनाएं तेजी से जनता तक पहुंचेंगी। तिवारी ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे भाजपा की संगठनात्मक मजबूती बढ़ेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कौशिक के मंत्री बनने से हरिद्वार की लंबित परियोजनाओं को नई दिशा मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
