हरिद्वार, 9 जनवरी। जनपद हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बीएचईएल टाउनशिप, सिडकुल, शिवालिक नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रांतर्गत सफाई व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक एनआईसी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद में विगत एक माह 21 दिनों से निरंतर स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें सभी संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता सराहनीय रही है। उन्होंने बीएचईएल अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि बीएचईएल टाउनशिप, सिडकुल एवं शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु पूर्ण सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीएचईएल क्षेत्र में जहां-जहां कूड़ा डंप किया गया है, वहां से तत्काल कूड़ा हटाया जाए तथा क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण होने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले में अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए आवश्यक दंडात्मक कदम उठाए जाएं। साथ ही नालों में कूड़ा जाने से रोकने हेतु विशेष निगरानी एवं सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका शिवालिक नगर को क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत सभी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े के समुचित निस्तारण हेतु नगर निगम एवं बीएचईएल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कूड़ा डंपिंग ज़ोन के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को कहा गया।
नगर निगम को भी अपने क्षेत्रांतर्गत सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने एवं जहां-जहां कूड़ा एकत्रित या फैला हुआ है, वहां से तत्काल कूड़ा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान, बीएचईएल कार्यकारी निदेशक रंजन कुमार, महाप्रबंधक संतोष कुमार गुप्ता, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी, ईओ नगर पालिका शिवालिक नगर तारिक खान, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
