हरिद्वार, 27 फरवरी। वैश्य बंधु महासभा के मुख्य संयोजक डा.विशाल गर्ग के नेतृत्व में विवेक विहार स्थित कार्यालय पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। नरेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए वैश्य बंधु महासभा के के मुख्य संयोजक डा.विशाल गर्ग ने कहा कि होली मिलन कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना है। होली पर्व सामाजिक एकता, स्नेह और संवाद को स्थापित करने वाला त्यौहार है। होली के रंग दुखों को दूर कर जीवन में उमंग लाते हैं। उन्होंने सभी से सनातन संस्कृति के अनुरूप होली मनाते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि शीघ्र ही महासभा का विस्तार किया जाएगा और वैश्य समाज के उत्थान के लिए कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। युवा पीढ़ी को वैश्य समाज की संस्कृति और परंपरांओं से जोड़ने के लिए अग्रोहा धाम यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से युवा वर्ग को महाराज अग्रसेन के जीवन आदर्शो को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। महासभा के संयोजक प्रदीप मेहता एवं हर्षवर्धन जैन ने कहा कि भारतीय संस्कृति पर्वो की संस्कृति है। जिसमें होली का महत्वपूर्ण स्थान है। युवा पीढ़ी को पर्वों की महत्ता से अवगत कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्य बंधु महासभा वैश्य समाज के समस्याओं के हल और समाज में परस्पर एकता को मजबूत करने के लिए काम करेगी। इस अवसर पर तेजप्रकाश साहू, रामबाबू बंसल, कमल ब्रजवासी, शिवम बंधु गुप्ता, शेखर गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मनोज गुप्ता, प्रतीक अग्रवाल, आदित्य बंसल, विनोद बृजवासी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
