हरिद्वार, 10 फरवरी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की नियुक्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की संपूर्ण प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसके लिए नियुक्त बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों द्वारा अभी तक सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है, वे एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से नियुक्ति कर बीएलए-2 का संशोधित प्रारूप जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिसमें फोटो एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य होंगे।
उन्होंने बताया कि बीएलए को संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ समन्वय करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण संबंधी आवेदनों में पात्र नागरिकों का मार्गदर्शन एवं सहयोग करना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक बीएलए नियुक्त नहीं किए हैं, उन्हें शीघ्र पत्र प्रेषित किया जाए।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई(एम) के पदाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
