हरिद्वार। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पार्षद के मकान में किराये पर रह रहे एक व्यक्ति को एक तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 की रात में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान रानीपुर क्षेत्रान्तर्गत कृपालनगर जाने वाले कच्चे रास्ते से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप शर्मा पुत्र मदन शर्मा, निवासी ग्राम तिरछा थाना व जिला सहरसा बिहार, हाल निवासी रामेश्वर पार्षद के मकान पर किरायेदार, गली नं.-02, टिबड़ी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में चोरी के मामलों में थाना रानीपुर व ज्वालापुर पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है तथा हाल ही में जमानत पर छूटा है। उसने बताया कि वह सुनसान स्थान पर किसी राहगीर को तमंचे के बल पर डराकर रुपए-पैसे छीनने की फिराक में था ताकि नशे का इंतजाम कर सके। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रानीपुर में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
